सभी जिलों में पंचायत चुनाव लड़ेगी आपः प्रदेश अध्यक्ष

आम आदमी पार्टी पंचायत चुनावों में खुद को परखेगी और इसके बाद विधान सभा चुनावों में पूरे दमखम के साथ उतरेगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की रणनीति से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अवगत करा दिया है।


आम आदमी पार्टी मथुरा इकाई का पार्टी विस्तार सम्मेलन आकाश गार्डन अशोक विहार काॅलोनी में हुआ। पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया है कि रालोद, सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा से जुड़े रहे कार्यकर्ताओं ने बडी संख्या में आम आदमी पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए पार्टी का दामन थामा है। इनमें सामाजिक संगठनों से जुडे लोग भी शामिल हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने वालों में महिलाओं की संख्या अच्छी खासी थी। इन सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने पटुका और पार्टी की टोपी पहना कर आप में स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहाकि राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की घोषणा है कि 2022 में होने जा रहे विधान सभा चुनावों में आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लडेगी। पंचायत चुनावों में भी सभी जिलों में पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहाकि जिन कृषि कानूनों का किसान विरोध कर रहे हैं। वह कानून किसानों को कंगाल बना देंगे। किसानों के लिए यह काले कानून हैं। आम आदमी पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ खडी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि किसानों के समर्थन में सभी कार्यकर्ता जुट जायें।
सम्मेलन को प्रदेश सचिव विजय पटेल और किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश त्यागी ने भी संबोधित किया। दोनो नेताओं ने कहा कि किसानों के ऊपर कडकडाती ठंड में पानी की बौछार की गई। आंसू गैस के गोले छोड़े गये। लाठियों से किसानों की हड्डियाँ तोडी गईं। किसानों के साथ इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। किसान आंदोलन को भाजपा बदनाम कर रही है जबकि किसान आंदोलन की ताकत लगातार बढ रही है। सम्मेलन में ऐड. अजय गौतम, रवि प्रकाश भारद्वाज, सुरेश कुमार सैनी, रूपा लवानियां, जुबेर खान, राजू कपूर, प्रवेश सिंह, आदेश शर्मा, मुहम्मद इरफान कुरैसी, नीरज शर्मा, संजय परमार, भूरा चौधरी आदि मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment