शाहाबाद।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के आग्रह पर स्वीकृत शाहाबाद क्षेत्र के ककरघटा गांव में निर्मित नये स्टेडियम का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के साथ ही स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया।
ककरघटा स्थित यह स्टेडियम शाहाबाद नगर से लगभग तीन किलोमीटर तथा टोडरपुर क्षेत्र से करीब छह किलोमीटर दूर है। इसके निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को अब अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए एक बेहतर सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हो गया है। ग्रामीण अंचल में बने इस स्टेडियम से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और अधिक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
उद्घाटन कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अंकित तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित रहे। इनमें गन्ना सोसाइटी के चेयरमैन रंजीत सिंह, शाहाबाद प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, टोडरपुर प्रमुख प्रतिनिधि श्यामबाबू त्रिवेदी, पिहानी प्रमुख कुशी बाजपेई, जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष शरद सिंह, गन्ना समिति निदेशक गोविंद पाठक, मनोज मिश्रा, पंकज त्रिपाठी, चंद्रप्रकाश सिंह पुत्तने और सर्वेश सिंह मिन्ने प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम में भारी संख्या में छात्र, युवा खिलाड़ी तथा स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और नवनिर्मित स्टेडियम की शुरुआत पर खुशी व्यक्त की।


