सवायजपुर।
राष्ट्र निर्माता लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरपालपुर बस स्टैंड पर सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया, जिसमें हरदोई के सांसद जयप्रकाश रावत, सवायजपुर क्षेत्र के विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
पदयात्रा हरपालपुर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर पलिया तिराहा, जोधनपुरवा मार्ग से गुजरती हुई पलिया खेल मैदान तक पहुंची। यहीं पर यात्रा का समापन किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान उपजिलाधिकारी सवायजपुर ने सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों तथा स्वयंसेवकों को आवश्यक निर्देश देकर कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर ध्यान केंद्रित किया।
जिला युवा अधिकारी (माय भारत) ने बताया कि माय भारत संगठन के वालंटियरों ने उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों को सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्षों और राष्ट्रीय एकता में उनके ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, विद्यार्थियों तथा स्थानीय निवासियों की भागीदारी देखने को मिली। पूरे मार्ग में “वंदे मातरम्” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे लगते रहे, जिससे वातावरण देशभक्ति और एकजुटता की भावना से सराबोर हो गए


