भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर पश्चिम बंगाल में हमला निंदनीय

भाजपा के राष्ट्रीय नेता पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर पश्चिम बंगाल दौरे के समय किए गए हमले को निंदनीय ठहराते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल में अराजकता पराकाष्ठा पर पहुंच चुकी है। राजनीतिक हमले की घटनाओं में तेजी आ रही है ,जिसके चलते वहां प्रस्तावित विधानसभा चुनाव निष्पक्ष होना संभव नहीं है ।
नरेश अग्रवाल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित विधानसभा चुनाव मैं निष्पक्ष व स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित कराने के लिए चुनाव से पूर्व पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए। हरदोई स्थित अपने पैतृक आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेश अग्रवाल ने देश के आंदोलनरत किसानों से अपील की वह विपक्ष के बहकावे में ना आए ।
उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को केंद्र सरकार से वार्ता कर आपसी मसले को सुलझा कर देश के विकास में एक सकारात्मक कदम उठाना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा है कि मोदी सरकार देश के किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने के लिए खुले दिल से तैयार है, और वह किसानों के हित व उनके उत्थान के लिए निरंतर कदम भी उठा रही है।
नवीन संसद भवन के शिलान्यास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा की उत्तर प्रदेश की 22 करोड़ की आबादी वाले राज्य में लोकसभा की कम से कम डेढ़ सौ सीटें होनी चाहिए ,ताकि लोकसभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत और अधिक बढ़ सके ।उन्होंने हरदोई जिले में एक सामान्य सीट होने की भी बात कही।
जनसंख्या नियंत्रण बिल की पुरजोर वकालत करते हुए नरेश अग्रवाल ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसने देश की जनता को इस मुद्दे पर गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण बिल किसी एक जाति के लिए नहीं, बल्कि वह सभी जातियों और धर्मों के लिए है और इस बिल के पास होने से प्रत्येक व्यक्ति को जीवन की मूलभूत सुविधाओं का लाभ निश्चित रूप से मिलेगा । भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम ने साबित कर दिया है कि देश में रोजगार की समस्या एक महत्वपूर्ण मुद्दा बनकर उभरी है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस बात के लिए मुक्त कंठ से सराहना भी की उन्होंने शिक्षकों ,होम गार्डों समेत अन्य विभागों के अधिकतर रिक्त पड़े स्थानों पर बड़े पैमाने पर भर्ती करने का जो सिलसिला शुरू किया है उसका लाभ उत्तर प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को मिलने जा रहा है ।
श्री अग्रवाल ने आत्मविश्वास पूर्ण लहजे में कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिलने जा रही है और उत्तर प्रदेश की राजनीति से विपक्ष का पूर्णतया सफाया हो जाएगा।

Related posts

Leave a Comment