योगी सरकार ने दी चार मार्गों को चौड़ा करने की स्वीकृति
हरदोई। जिले की जनता को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। शासन ने चार प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की मंजूरी प्रदान कर दी है। इन पर लगभग एक अरब 82 करोड़ 64 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निविदा की प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा।
मुख्य जिला मार्ग संडीला-बेनीगंज मार्ग से निकलने वाला कोथावां-माल रोड करीब 32.40 किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग लखनऊ के मलिहाबाद से जुड़ता है और इसी पर प्रसिद्ध हत्याहरण तीर्थ भी स्थित है। चौरासी कोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इस मार्ग के चौड़ीकरण पर 65 करोड़ 46 लाख रुपये खर्च होंगे।
माधौगंज ब्लॉक से होकर गुजरने वाला परचल-रसूलपुर मार्ग लगभग 17 किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग NH-330D से जुड़ता है और चौड़ीकरण के बाद बिलग्राम-माधौगंज कस्बों में लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। साथ ही रुइयागढ़ी की दूरी भी छह किलोमीटर घट जाएगी। इस परियोजना पर 38 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च होंगे।
करीब 18.45 किलोमीटर लंबे सांडी-बघौली मार्ग का चौड़ीकरण 41 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से होगा। यह मार्ग नैमिषारण्य तीर्थ, मेहंदीघाट और कुसुमखोर घाट जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। चौड़ीकरण के बाद इन स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आस-पास के तीस से अधिक गांवों की आबादी को सुविधा होगी।
पिहानी से गोपामऊ तक का 14 किलोमीटर लंबा मार्ग गन्ना बेल्ट से होकर गुजरता है। इसके चौड़ीकरण पर 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गन्ना किसानों को अपनी उपज चीनी मिल तक ले जाने में आसानी होगी। साथ ही इस मार्ग से जुड़े गांवों की लगभग 15 हजार से अधिक आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।
इन चारों मार्गों के चौड़ीकरण से हरदोई की तस्वीर बदलने वाली है। गन्ना किसान, श्रद्धालु, व्यापारी और आम नागरिक सभी को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

