टेकऑफ से पहले विमान के कॉकपिट में आई तकनीकी खराबी, रनवे से लौटाया गया, फ्लाइट कैंसिल होने पर हंगामा

लखनऊ एयरपोर्ट से हैदराबाद जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी आ गई। इससे विमान को रनवे से वापस लौटाया गया तथा जांच-पड़ताल के बाद विमान को अंततः कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट में 150 यात्री थे। सूत्र बताते हैं कि कॉकपिट में कुछ तकनीकी दिक्कतें आने से ऐसा किया गया।अहमदाबाद में एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के हादसे के शिकार होने के बाद विमान सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। खासतौर पर एअर इंडिया की सेवाओं पर असर पड़ रहा है। विमानों की सघन जांच चल रही है। साथ ही पायलट भी ऐहतियात बरत रहे हैं। इसी क्रम में रविवार लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 8:40 बजे उड़ान भरकर सुबह 10:55 बजे हैदराबाद पहुंचने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-2816 की बोर्डिंग हो गई थी। विमान में 150 यात्री बैठ चुके थे और विमान उड़ान भरने के लिए तैयार था लेकिन उड़ान से पहले ही पायलट को विमान के कॉकपिट में तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ। इस पर उसने तत्काल एटीसी को इसकी सूचना दी।
इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने मोर्चा संभाला, लेकिन गड़बड़ी दूर नहीं हो सकी। अंततः उड़ान को रद्द कर दिया गया। जब इसकी जानकारी विमान में सवार यात्रियों को हुई तो वह हंगामा करने लगे। सूत्रों ने बताया कि हंगामा बढ़ता देख एयरलाइन्स अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें किसी तरह समझाया बुझाया।

यात्रियों को दिया रिफंड
सूत्रों के अनुसार विमान के कुछ यात्रियों को होटल में ठहराया गया है जबकि कुछ यात्रियों को टिकट के पैसे भी रिफंड कर दिए गए हैं। होटल में ठहराए गए यात्रियों को एयरलाइंस अधिकारियों ने दूसरे विमान से भेजने का आश्वासन दिया है। पायलट की सतर्कता के चलते विमान हादसे का शिकार होने से बच गया।
लगातार कैंसिल हो रही हैं उड़ानें
एअर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-लखनऊ फ्लाइट आईएक्स-1219 पिछले हफ्ते तीन दिन निरस्त हुई। यह फ्लाइट रोजाना रात 11:50 बजे लखनऊ पहुंचती है। इसके साथ ही लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट आईएक्स-1235 भी लगातार रद्द हो रही है जो रात 12:20 बजे अमौसी से उड़ान भरती है। इसके अतिरिक्त एअर इंडिया की दिल्ली से चलने वाली दो नियमित उड़ानें एआई-2460 और एआई-2461 भी लंबे समय से रद्द चल रही हैं। लखनऊ-दुबई रूट की उड़ानें आईएक्स-193 और आईएक्स-194 भी कई बार कैंसिल हो चुकी है।

Related posts

Leave a Comment